•यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर एक और बड़ा बदलाव, हर पन्ने पर लिखना होगा रोल नंबर
प्रयागराज। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की वर्ष 2026 की परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने एक और बड़ा बदलाव किया है। उत्तर पुस्तिका का आकार पहली बार लंबवत (वर्टिकल) कराने तथा दो कवर पेज कराने के साथ अब कवर पेज पर परीक्षा केंद्र के यूनिक नंबर (परीक्षा केंद्र संख्या यानी कोड) की मुहर लगाने को अनिवार्य किया है।
मुहर उतनी ही उत्तर पुस्तिकाओं पर लगाई जाएगी, जितने परीक्षार्थी उस दिन की परीक्षा में उपस्थित होंगे। इसके तुरंत बाद मुहर को ताले में बंदकर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई अन्य उसका दुरुपयोग न कर सके।
यह बदलाव बाहर से लिखवाकर उत्तर पुस्तिका जमा कराने की नकल माफिया की साजिश खत्म करने तथा केंद्र की संलिप्तता पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से किए गए हैं। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की ‘अ’ और ‘ब’ को मिलाकर करीब 3.60 करोड़ उत्तर पुस्तिकाएं तैयार कराई गई हैं। उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केंद्रों पर पहुंचा दी गई हैं। इसके कवर पेज पर सबसे ऊपर बायीं ओर एक बाक्स बनवाया गया है। उसके नीचे लिखा हुआ है कि परीक्षा केंद्र यूनिक नंबर की मुहर। इस तरह यह स्पष्ट किया गया है कि मुहर कहां लगाई जानी है। मुहर लगाने का कार्य् प्रतिदिन किया जाएगा, यानी कि जिस दिन जितनी उत्तरपुस्तिकाएं प्रयुक्त की जाएंगी, उतनी पर ही मुहर लगेगी।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षकों एवं सभी 8033 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को निर्देश भेजे जा रहे हैं। कहा गया है कि मुहर लगी हुई उत्तर पुस्तिकाएं अनधिकृत हाथों में मिलीं तो केंद्र व्यवस्थापक के लिए गंभीर स्थिति उत्पन्न होगी। परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षण/निरीक्षण के लिए लगाए गए अधिकारी यह अनिवार्य रूप से देखेंगे कि उत्तरपुस्तिकाओं पर केंद्र कोड की मुहर लगी है या नहीं।
