बस्ती। आम आदमी पार्टी (आप) के जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर कथित मोदी-ट्रम्प ट्रेड डील के विरोध में कल शनिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में इस समझौते को तत्काल निरस्त करने तथा किसानों और आम नागरिकों के हितों की रक्षा करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि केंद्र की सरकार ने देश के करोड़ों किसानों के हितों के साथ समझौता किया है। उनका आरोप है कि प्रस्तावित समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा, जबकि भारत अमेरिकी उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैक्स वसूलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी किसानों के लिए खोला जा रहा है, जिन्हें वहां भारी सब्सिडी (लगभग 80 लाख रुपये तक) मिलती है। ऐसे में बिना पर्याप्त सब्सिडी के भारतीय किसान कैसे प्रतिस्पर्धा कर पाएंगे, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
पार्टी के प्रांतीय सचिव एवं बौद्ध प्रांत के सह प्रभारी पतिराम आजाद ने कहा कि इस ट्रेड डील का किसानों, एमएसएमई, छोटे व्यापारियों, युवाओं और मध्यम वर्ग पर क्या प्रभाव पड़ेगा, इस संबंध में कोई विस्तृत श्वेत पत्र या संसदीय चर्चा सामने नहीं आई है। उनका कहना था कि यदि यह समझौता भारतीय बाजार को असंतुलित रूप से विदेशी हितों के लिए खोलता है तो इसका सीधा असर कृषि, रोजगार और स्थानीय उद्योगों पर पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल आर्थिक समझौता नहीं बल्कि देश की आत्मनिर्भरता और कृषि संरचना पर सीधा प्रहार है। इससे छोटे किसानों की आय प्रभावित होगी, स्थानीय बाजार विदेशी कंपनियों के लिए खुलेंगे और आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देने वालों में जिला महासचिव चन्द्रभान कन्नौजिया, महिला जिलाध्यक्ष मिथलेश भारती, राम सजन सूर्यबंशी, राधिका देवी, अब्दुल कयूम, रोजन, बब्लू, पंकज सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
