बस्ती। थाना परसरामपुर में तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़, जो 5 फरवरी 2026 की सायंकाल से लापता थे, उनका शव 8 फरवरी की शाम सरयू नदी से थाना छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरामद किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, स्वाट, एसओजी, सर्विलांस सहित पांच विशेष टीमें गठित कर जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में रविवार को को पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ने मृतक उपनिरीक्षक के परिजनों से उनके निवास ग्राम मूड़ाडीह, थाना कोतवाली देवरिया पहुंचकर मुलाकात की। परिवार को अब तक की प्रगति से अवगत कराया गया और उनके सवालों व शंकाओं को भी गंभीरता से सुना गया।
पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि उनके द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की संवेदनशीलता के साथ गहन जांच की जाएगी। मामले में आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।
