—के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। मंडलायुक्त बस्ती मंडल बस्ती के निर्देश के क्रम में बस्ती मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक राम बचन कनौजिया द्वारा विगत दिवस विकासखंड खलीलाबाद में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की गई।
जिसके क्रम में ग्राम सेमरा में पंचायत भवन पर आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधान रुदल प्रसाद एवं लेखपाल सावित्री देवी के साथ उपस्थित कृषकों के साथ फार्मर रजिस्ट्री कार्य कराते पाए गए। यहाँ पर पाया गया कि ग्राम सेमरा के 45 किसानों के नाम ग्राम दिक्तौली में दर्ज हो गया है जिससे ग्राम सेमरा के किसानों के फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है।

इस प्रकरण पर संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा उपस्थित कृषि विभाग के एटीएम महेश चौबे एवं लेखपाल सावित्री देवी एवं तहसील कर्मियों को निर्देशित किया गया कि लंबित कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराये एवं इसी प्रकार पूरे जनपद में एक अभियान के तहत इस प्रकार के मिसमैच को दूर करते हुए फार्मर रजिस्ट्री कार्य को प्रमुखता के आधार पर पूर्ण कराया जाये। शासन के निर्देश के क्रम में यह कार्य 15 मार्च तक पूर्ण हो जाने हैं।
उपस्थित कर्मियों को निर्देशित किया गया कि नाम मिसमैच में सुधार करते हुए समस्त ग्राम के किसानों को फार्मर रजिस्ट्री हेतु तैयार करते हुए उनकी फार्मर रजिस्ट्री करवाना सुनिश्चित किया जाए।
संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा विकासखंड खलीलाबाद के ग्राम बयारा में कृषि विभाग द्वारा अनुदान पर दिए गए सोलर पंप का निरीक्षण किया गया। सोलर पंप संचालित अवस्था में पाया गया एवं लाभार्थी कृषक द्वारा बताया गया कि इससे सिंचाई के रूप में प्राप्त जल से उनके डीज़ल के व्यय समाप्त होने से काफी पैसे की बचत हो रही है।
निरीक्षण के क्रम में संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा आत्मा योजना द्वारा संचालित ग्राम फुलवरिया विकास खंड खलीलाबाद में आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित फॉर्म स्कूल रबी (गेहूं) का निरीक्षण किया गया।
विकासखंड सेमारियावा के ग्राम गर्थवलिया में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल योजना अंतर्गत 20 हैक्टेयर क्षेत्र में आयोजित सरसों के खंड प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया, फसल की स्थिति अच्छी थी एवं उसमे कीट रोग का कोई प्रकोप नहीं था। कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं द्वारा प्रदर्शनों के आयोजन के माध्यम से किसान अपने उपज को बढाने हेतु उन्नत तकनीकों का प्रयोग कर रहे हैं और इसमें उन्हें सफलता भी प्राप्त हो रही है।
निरीक्षण के समय जनपद के उप कृषि निदेशक डॉ0 राकेश कुमार सिंह एवं समस्त विभागीय कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
