हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। हरिद्वार जिला न्यायालय की आधिकारिक मेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं तथा एहतियातन जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक तौर पर इसे असामाजिक तत्वों की शरारत के रूप में भी देखा जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को न्यायालय के प्रशासनिक कार्यालय में फैक्स के माध्यम से संदेश भेजकर दावा किया गया कि कोर्ट के चैंबर संख्या 12 में आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं, जो शीघ्र विस्फोट करेंगे। संदेश में दोपहर 12:15 बजे तक परिसर खाली कराने की चेतावनी भी दी गई तथा तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू होने से रोकने जैसी बातों का उल्लेख किया गया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व नैनीताल, टिहरी और रुद्रप्रयाग के न्यायालयों की मेल आईडी पर भी इसी प्रकार के धमकी भरे संदेश भेजे गए थे, जिसके बाद से सभी जनपदों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इसी क्रम में हरिद्वार न्यायालय को मिली धमकी को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
मंगलवार को स्टेट बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चुनाव होने के कारण अधिकांश अधिवक्ता उसमें व्यस्त थे, जिससे सुबह से ही न्यायालय परिसर में आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। दिनभर किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई, फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक जांच जारी है।
न्यायालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की ओर से इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को औपचारिक शिकायत प्रेषित की गई है। थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए गए हैं।
