लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के माध्यम से विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बड़े और दूरगामी कदम उठाने की रूपरेखा प्रस्तुत की है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश को डिजिटल रूप से सशक्त, तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाना है।
बजट में इंडिया एआई मिशन और इंडिया एआई डेटा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश एआई मिशन प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पहल के माध्यम से शासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों में सुधार होगा।
प्रदेश को सुरक्षित डेटा भंडारण और क्लाउड सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में उत्तरप्रदेश डाटा सेण्टर तथा उत्तरप्रदेश डाटा क्लस्टर को और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया है। इससे सरकारी सेवाओं का डिजिटलीकरण तेज होगा और डेटा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर में यू-हब की स्थापना का प्रस्ताव है। इन हब के माध्यम से युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी संसाधन, मार्गदर्शन और निवेश के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। ‘टेक युवा समर्थ युवा योजना’ के अंतर्गत तकनीकी दक्ष युवाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा।
डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने व्यापक रणनीति अपनाई है। साइबर सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करने के साथ UP State Wide Area Network-3 के विस्तार से शासन की डिजिटल कनेक्टिविटी को जिला और तहसील स्तर तक और प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे ऑनलाइन सेवाओं की पहुंच और गति दोनों में सुधार होगा।
तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए नए पॉलिटेक्निक संस्थानों की स्थापना और मौजूदा संस्थानों के उन्नयन की योजना बनाई गई है। ‘
नई और उभरती टेक्नोलॉजी मिशन’ के तहत रोबोटिक्स, ड्रोन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और ब्लॉकचेन जैसी आधुनिक तकनीकों में अनुसंधान एवं प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त आकाशीय विद्युत से बचाव और पूर्व चेतावनी प्रणाली के लिए सैटेलाइट पेलोड और सेंसर की व्यवस्था कर प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ किया जाएगा।
इन पहलों के माध्यम से उत्तर प्रदेश विज्ञान और तकनीक आधारित विकास मॉडल की ओर निर्णायक कदम बढ़ा रहा है, जिससे प्रदेश में नवाचार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
