लखनऊ। शुक्रवार को ताज में “क्लीन गोमती” विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल ने सहभागिता करते हुए नगर निगम द्वारा गोमती नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए संचालित योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया।
महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा नदी में गिरने वाले अपशिष्ट को रोकने, सीवेज प्रबंधन को सुदृढ़ करने, तटों के सौंदर्यीकरण तथा जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी उपायों के साथ-साथ नागरिक सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गोमती केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर और लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। इसे स्वच्छ, अविरल और निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और नदी संरक्षण के प्रति जागरूक रहें।
कार्यशाला में माननीय राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह , लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सच देवा ‘जल पुरुष’ राजेंद्र सिंह नगरीय विकास सलाहकार केशव वर्मा तथा राज्य परिवर्तन आयोग के सीईओ मनोज कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने अपने विचार साझा करते हुए गोमती की स्वच्छता के लिए जनसहभागिता, प्रभावी नीति-निर्माण और ठोस कार्ययोजना की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यशाला में यह भी सहमति बनी कि सरकारी प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही “क्लीन गोमती” का लक्ष्य साकार हो सकेगा।
