बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आज रविवार, 22 फरवरी 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में प्रस्तावित मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु कल शनिवार को जनपद न्यायालय बस्ती के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती श्री शमसुल हक द्वारा की गई। बैठक में जिले के समस्त शासकीय विभागों के अधिकारियों के साथ शिविर की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
माननीय अध्यक्ष ने बताया कि मेगा शिविर में जिले के सभी सरकारी विभागों के समन्वय से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को विधिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें न्याय एवं सरकारी योजनाओं तक सहज पहुंच उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ निःशुल्क विधिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।
समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बी.आर. मौर्य सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
