लखनऊ। उत्तर भारत के छात्रों को अब फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), फुरसतगंज में एमबीए के साथ ही बी.डेस. जैसे डिजाइनिंग क्षेत्र में करियर बनाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। इसी कड़ी में संस्थान द्वारा इस वर्ष लेदर लाइफस्टाइल एंड प्रोडक्ट डिजाइन का नया कोर्स प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को प्रवेश दिया जाएगा।
यूपी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के कार्यकारी निदेशक सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस सत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन नामक नया विभाग शुरू किया जा रहा है। इसके तहत संस्थान डिजाइन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे फुटवियर, फैशन तथा लाइफस्टाइल प्रोडक्ट डिजाइनिंग में रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की सुविधा के कारण संस्थान लगातार प्रगति कर रहा है। द्विवेदी ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि जो छात्र इस वर्ष 12वीं या स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा दे रहे हैं और रोजगारपरक पाठ्यक्रम की तलाश में हैं, उन्हें एफडीडीआई द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों पर अवश्य विचार करना चाहिए।
उन्होंने जानकारी दी कि पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क लखनऊ-हरदोई क्षेत्र में स्थापित हो रहा है, जबकि कानपुर और उन्नाव में नया फुटवियर पार्क बनाया जा रहा है। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कार्यकारी निदेशक ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी पीएम विद्यालक्ष्मी शैक्षिक ऋण योजना का लाभ ले सकते हैं। फुरसतगंज परिसर इस ऋण योजना के लिए पंजीकृत संस्थानों में शामिल है। इसके अतिरिक्त आरक्षित वर्ग के छात्र उत्तर प्रदेश फीस प्रतिपूर्ति योजना का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
———–
