•निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, पीएम विश्वकर्मा व स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश।
— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति, जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति, पीएम विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति तथा विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


बैठक में सदस्य सचिव/उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त उद्योग द्वारा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना तथा सीएम युवा अभियान की अद्यतन प्रगति से समिति को अवगत कराया गया। सीडीओ ने प्रतिनिधि अग्रणी जिला प्रबंधक एसबीआई एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत प्राप्त एमओयू एवं जीबीसी 5.0 हेतु प्रस्तावों की समीक्षा भी की गई। उद्यमी मित्र विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद को 2000 करोड़ रुपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 1107 करोड़ रुपये का जीबीसी रेडी पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। सीडीओ ने अधिक से अधिक एमओयू हस्ताक्षरित कर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर पात्र एवं अपात्र सूची शीघ्र उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराएं।
बैठक में शासन द्वारा नामित उद्योग बन्धु समिति सदस्य बब्लू गुप्ता, शिव शंकर विश्वकर्मा, औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
