•दीपक कुमार की रिपोर्ट।
रुड़की (उत्तराखंड)। गंग नहर पटरी पर 17 फरवरी 2026 को मिली लावारिस लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने वर्ष 2019 के पूर्व ‘मिस्टर उत्तराखंड’ रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला कोतवाली मंगलौर क्षेत्र का है।
कोतवाली सिविल लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत भुल्लर ने बताया कि पांच दिन पूर्व गंग नहर पटरी पर एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। कोतवाली मंगलौर के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह द्वारा जांच के दौरान मृतक की पहचान प्रदीप कुमार निवासी ग्राम घोसीपुरा के रूप में हुई।
पुलिस और सीआईयू टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी विनायक त्यागी पुत्र विजेंदर त्यागी निवासी ग्राम बरला, थाना छापर, जिला मुजफ्फरनगर घटनास्थल के आसपास जाता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ में आरोपी ने मृतक प्रदीप कुमार के साथ शराब पीने, उससे 25 हजार रुपये नगद लूटने तथा हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2019 में ‘मिस्टर उत्तराखंड’ का खिताब भी जीत चुका है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई मनोज गैरोला, सीआईयू के एसआई अश्विनी यादव, हवलदार मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल राहुल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस सफल खुलासे पर आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने टीम को 5,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
