– कालेज के संचालन के तीन साल बाद पहली बार शुरू हुआ तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव।
बस्ती। भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में वर्ष 2023 में संचालन के बाद पहली बार तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘इगनाइट 2 के 26’ का भव्य शुभारंभ किया गया। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।



महोत्सव का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रोफेसर कुलदीप सहाय ने दीप प्रज्वलन और महोत्सव के बैनर अनावरण के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, अनुशासन व समग्र विकास की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश देते हुए कहा कि ‘इगनाइट 2 के 26’ विद्यार्थियों की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिस्पर्धा का उत्सव है। हमारा उद्देश्य शिक्षा के साथ खेल, तकनीक और संस्कृति के माध्यम से छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। महोत्सव का पहले संस्करण यह सिद्ध कर रहा है कि संस्थान शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सह-पाठ्य गतिविधियों में भी नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के शिवेंद्र पाठक और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के यशवंत यादव समेत बड़ी संख्या शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
इन प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
महोत्सव के पहले दिन दर्जन भर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिनमें सौ व दो सौ मीटर दौड़, भाला फेंक, चक्का फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकशी और क्रिकेट आदि प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। क्रिकेट प्रतियोगिता में प्राक्टर एलेवेन और डीन एलेवेन टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कबड्डी प्रतियोगिता भी छात्रों व प्राध्यापकों के बीच आयोजित की गई। सौ मीटर छात्रा वर्ग में अनुष्का यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्र वर्ग में सौ मीटर दौड़ का खिताब दिनेश कोबरा के नाम रहा। वहीं संकाय वर्ग में सौ मीटर दौड़ में अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक एवं खेल प्रभारी राजकुमार सिंह ने विजेता बनकर वाहवाही लूटी।
आयोजित होंगी तकनीकी प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक कार्यक्रम
संस्थान के निदेशक प्रो. कुलदीप सहाय ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन तकनीकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिनमें आइडिया पिचिंग, टेक क्विज, एलगो वॉर्स, कोड वॉरियर्स और हेकाथॉन शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और समस्या समाधान कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बताया कि महोत्सव का समापन तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। इस दौरान छात्र-छात्राएं नृत्य, संगीत और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
