— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पी.जी. कॉलेज भुजैनी, संत कबीर नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत संचालित स्वामी विवेकानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम डडवा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रथम सत्र में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के ग्लोबल अभियान थीम “गिव टू गेन” के अंतर्गत ग्राम सालेहपुर में स्वयंसेवियों द्वारा भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पूरे गांव में घर-घर जाकर नारे, स्लोगन और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
भोजनावकाश के बाद द्वितीय सत्र में “साइबर अपराध सुरक्षा” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए बीसीए विभाग के प्रवक्ता जफरे आलम ने कहा कि साइबर अपराध एक व्यापक शब्द है, जिसके अंतर्गत कंप्यूटर नेटवर्क और डिजिटल उपकरणों के माध्यम से की जाने वाली अनेक आपराधिक गतिविधियां आती हैं। उन्होंने कहा कि इससे बचाव के लिए उपयोगकर्ताओं को अपनी व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता, डेटा की अखंडता और उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके लिए मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट जैसे उपाय अपनाना आवश्यक है।
स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि तकनीकी विकास ने आधुनिक जीवनशैली को पूरी तरह बदल दिया है और इंटरनेट का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर अपराधी व्यक्तिगत सूचनाएं चुराकर उनका दुरुपयोग कर सकते हैं, इसलिए साइबर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रवक्ता शाहनवाज आलम ने कहा कि व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी मांगने वाले अज्ञात स्रोतों से प्राप्त संदेशों का जवाब नहीं देना चाहिए और मोबाइल एप्लीकेशन हमेशा आधिकारिक एप्लीकेशन स्टोर या विश्वसनीय स्रोतों से ही डाउनलोड करनी चाहिए।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी नूर मोहम्मद, आर्यन, प्रिया, रोहित, सरिता, अंजलि सहित कई छात्रों ने भी साइबर सुरक्षा से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। संगोष्ठी के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत कुमार गोंड ने सभी वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया।
