•गुजरात के नवसारी में विज्ञापन एजेंसी को बनाया निशाना, नकदी और चांदी लेकर सुबह से पहले फरार
नवसारी(गुजरात)। गुजरात की भीषण गर्मी के बीच नवसारी से एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर ने न सिर्फ ऑफिस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि एसी चलाकर करीब छह घंटे तक वहीं आराम से सोता रहा और फिर तड़के फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह घटना नवसारी के जुनाथाना इलाके की है। जानकारी के अनुसार, एक नकाबपोश चोर रात करीब 10:26 बजे एक विज्ञापन एजेंसी के ऑफिस का ताला तोड़कर अंदर घुसा। उसने ऑफिस के दराज खंगालते हुए करीब 60 हजार रुपये नकद और 10 ग्राम चांदी चोरी कर ली। कुल मिलाकर चोर लगभग 64 हजार रुपये का सामान ले उड़ा।
चोरी के बाद चोर ने जल्दबाजी दिखाने के बजाय ऑफिस का एयर कंडीशनर चालू किया और आराम से कुर्सी पर बैठकर सो गया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वह रात 10:26 बजे से लेकर सुबह 4:53 बजे तक ऑफिस के अंदर ही मौजूद रहा। करीब साढ़े छह घंटे तक ठंडी हवा का आनंद लेने के बाद वह बिना किसी हड़बड़ी के मौके से निकल गया।
सुबह जब ऑफिस मालिक पहुंचा और सीसीटीवी फुटेज देखी, तो घटना जानकर हैरान रह गया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। चोर के इस बेखौफ अंदाज ने पुलिस को भी चौंका दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
