उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। बस जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रही थी। यह हादसा उधमपुर के रामबन-बनिहाल मार्ग पर हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सेना का राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने की भी तैयारी की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और एक तीखे मोड़ पर टायर फटने से चालक नियंत्रण खो बैठा।
वहीं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इस घटना की जानकारी शेयर की है।
उन्होंने लिखा-‘अभी-अभी, उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा से बात हुई। मुझे पता चला कि एक घंटे से भी कम समय पहले, कनोट गांव में एक दुखद सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में रामनगर से उधमपुर जा रही एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस शामिल थी।
बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है। इसमें काफी लोगों के हताहत होने की आशंका है। हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जाएगा। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। मैं स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ, राजिंदर शर्मा के नेतृत्व वाली हमारी स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के भी लगातार संपर्क में हूं।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावितों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और लोग अपने परिजनों की कुशलता को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
