चौक/महराजगंज। थाना चौक क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया स्थित मिठौरा इंडेन गैस सेवा के गोदाम में चोरी की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर 76 गैस सिलेंडर पार कर दिए। घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी की प्रोपराइटर अस्मिता चंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घटना 13 मार्च की रात की है। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे गोदाम इंचार्ज नागेंद्र यादव जब गोदाम पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद जब सिलेंडरों का मिलान किया गया तो 12 भरे हुए और 64 खाली सिलेंडर, यानी कुल 76 सिलेंडर गायब पाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एजेंसी संचालक ने पुलिस को सूचना देते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के बयान से बढ़ी चर्चा
मामले में जब चौक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्त से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सूचना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक ओर एजेंसी संचालक इतनी बड़ी चोरी का दावा कर रहे हैं, वहीं पुलिस द्वारा इसे प्रारंभिक तौर पर संदिग्ध बताया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि सिलेंडर चोरी की वास्तविकता क्या है।

