•कार्यशाला में विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने पर हुई चर्चा।
बस्ती। हर्रैया ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में शनिवार को विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्षों और प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय कार्यशाला खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यशाला में ब्लॉक के सभी 159 परिषदीय विद्यालयों के एसएमसी अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक तथा इंचार्ज प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाना, वित्तीय एवं प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा विद्यालय विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी को सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति शिक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि समिति अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और सजगता के साथ करे तो विद्यालयों में अनुशासन, संसाधनों का बेहतर उपयोग और विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
उन्होंने प्रधानाध्यापकों से अपील की कि कार्यशाला में दी गई जानकारियों को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करें तथा अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करें।
ब्लॉक के एआरपी संतोष कुमार शुक्ल और रवीश कुमार मिश्र के निर्देशन में कार्यशाला का संचालन किया गया। इस दौरान प्रशिक्षक डॉ. श्री नारायण मिश्र, विपिन शुक्ल, मनीष पाण्डेय और लवकुश त्रिपाठी ने एसएमसी अध्यक्षों और प्रधानाध्यापकों को उनके कार्यों एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बाल अधिकार एवं उनके संरक्षण, निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार, विद्यालय प्रबंध समिति की संरचना, गठन और कार्यकाल, समिति के दायित्व, वित्तीय प्रबंधन, विद्यालय विकास योजना, स्थानीय प्राधिकारी की भूमिका, बैठक रजिस्टर का संधारण, शारदा कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल से बाहर बच्चों का चिन्हांकन, दिव्यांग बच्चों से संबंधित जानकारी, यू-डायस (UDISE) डेटा, समग्र शिक्षा का सोशल ऑडिट, बालिका शिक्षा एवं प्री-स्कूल शिक्षा, निपुण भारत मिशन के तहत गुणवत्ता शिक्षा, ऑपरेशन कायाकल्प में एसएमसी की भूमिका, मध्यान्ह भोजन योजना तथा अभिभावक एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारी रामसागर वर्मा, रामपियारे, श्रवण कुमार, प्रेम सागर सहित बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक और एसएमसी अध्यक्ष उपस्थित रहे।
