•सफलता मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन : उदयशंकर शुक्ल
बस्ती। टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता समाप्त किए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री (उत्तर प्रदेश) तथा भारत और उत्तर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष को “शिक्षकों की पाती” भेजने का अभियान शनिवार को भी जारी रहा। शिक्षकों ने पाती भेजकर मांग की कि टेट की अनिवार्यता को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए।
यह जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक संघ के संयोजक उदयशंकर शुक्ल ने बताया कि शनिवार को परशुरामपुर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में जाकर कार्यवाहक अध्यक्ष नरेन्द्र द्विवेदी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने टीईटी के विरोध में शिक्षकों से मांग पत्र पर हस्ताक्षर कराए। हस्ताक्षर अभियान के दौरान आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय जटौलिया के शिक्षकों द्वारा संगठन के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
उदयशंकर शुक्ल ने बताया कि संगठन के पदाधिकारी हस्ताक्षर अभियान के साथ-साथ शिक्षकों को आगामी 13 अप्रैल को जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले मशाल जुलूस तथा 3 मई को लखनऊ में प्रस्तावित महारैली में भाग लेने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। शिक्षकों के हस्ताक्षर युक्त पाती को डाक और ई-मेल के माध्यम से संबंधित उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भी शिक्षक पाती भेजने का अभियान चला रहे हैं।
रामनगर ब्लॉक में अध्यक्ष इन्द्रसेन मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने पाती भेजी। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का समुचित समाधान नहीं हो जाता, तब तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक सतीश शंकर शुक्ला, दिनेश वर्मा, कोषाध्यक्ष पंच बहादुर यादव, पावित्री मिश्रा, विवेक तिवारी, भारत राम, नवनीत मालवीय, साधना तिवारी, नीतू पाण्डेय, राहुल वर्मा, ओम प्रकाश, अरविंद जायसवाल, राजेश कुमार यादव, जाकिर हुसैन, गुरु लाल वर्मा, हरिप्रसाद सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
