गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल के पूर्वोत्तर रेलवे ने मतुआ समाज महा मेला के अवसर पर काठगोदाम से ठाकुरनगर के बीच मेला विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गोरखपुर होकर संचालित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 05030 काठगोदाम–ठाकुरनगर मेला विशेष ट्रेन 15 मार्च 2026 (रविवार) को काठगोदाम से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बरेली सिटी, बरेली, लखनऊ होते हुए गोरखपुर रात 11.15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद दूसरे दिन छपरा, बरौनी, कटिहार, मालदा टाउन, पाकुड़, रामपुरहाट, बोलपुर (शांतिनिकेतन), बर्द्धमान, बैण्डेल और नैहाटी होते हुए रात 8.40 बजे ठाकुरनगर पहुंचेगी।
वापसी में 05029 ठाकुरनगर–काठगोदाम मेला विशेष ट्रेन 18 मार्च 2026 (बुधवार) को ठाकुरनगर से सुबह 10.20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन नैहाटी, बैण्डेल, बर्द्धमान, बोलपुर (शांतिनिकेतन), रामपुरहाट, पाकुड़, मालदा टाउन, कटिहार, बरौनी और छपरा होते हुए दूसरे दिन सुबह 9.40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद लखनऊ, बरेली, किच्छा और लालकुआं होते हुए रात 11.30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस मेला विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसएलआरडी के 2, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4, शयनयान श्रेणी के 7, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 2 तथा वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 कोच शामिल होगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस विशेष ट्रेन के संचालन से मेला में आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
