बस्ती। जनपद में रसोई गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी की अफवाहों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस कंपनियों द्वारा नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने पास उपलब्ध सिलेंडर का ही उपयोग करें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने से बचें। गैस समाप्त होने पर उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। बुकिंग के लिए भारत पेट्रोलियम का आईवीआरएस नंबर 7718012345, इंडियन ऑयल का 8454955555 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के नंबर 9222201122 और 9493602222 जारी किए गए हैं। पहली बुकिंग के बाद शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद दूसरी बुकिंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन बुकिंग या ओटीपी से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए आईओसीएल के विक्रय अधिकारी संतोष सोनी (मो. 9451122933), बीपीसीएल के विक्रय अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह (मो. 8093680119) तथा एचपीसीएल के विक्रय अधिकारी आकाश कुशवाहा (मो. 9794771177) से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जनपद के विभिन्न विकास खंडों में तैनात पूर्ति निरीक्षक भी उपभोक्ताओं की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 17 मार्च को जनपद में 10,606 रिफिल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की कार्ययोजना तेल कंपनियों द्वारा दी गई है। ऐसे में गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को एजेंसियों पर सिलेंडर लेकर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद 48 से 72 घंटे के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध करा दी जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि होम डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं को ओटीपी नंबर देना अनिवार्य होगा। बिना ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी के किसी भी स्थिति में गैस की आपूर्ति नहीं की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि भरे हुए सिलेंडर को मोटरसाइकिल या अन्य साधनों से स्वयं ले जाने से बचें, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका रहती है।
गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05542-247128 है। यहां राजस्व, खाद्य एवं रसद तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही गैस प्राप्त करने की अपील की है।
