•1 अप्रैल से 13 मई तक रेल यातायात प्रभावित, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कानपुर सेंट्रल-कानपुर पुल के बीच स्थित ब्रिज संख्या-110 पर इंजीनियरिंग कार्य के चलते ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण 1 अप्रैल से 13 मई 2026 तक कई ट्रेनों के संचालन में व्यापक बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस अवधि में कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन किया जाएगा, यानी वे अपने निर्धारित गंतव्य तक न जाकर पहले ही स्टेशन पर समाप्त या प्रारंभ होंगी। इसमें कासगंज-लखनऊ सवारी गाड़ी, आगरा फोर्ट-लखनऊ एक्सप्रेस, पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन-लखनऊ एक्सप्रेस प्रमुख हैं, जिन्हें लखनऊ के बजाय कानपुर सेंट्रल या कानपुर अनवरगंज तक ही चलाया जाएगा।
इसके अलावा कुछ ट्रेनों को नियंत्रित (देरी से) चलाया जाएगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सीतापुर एक्सप्रेस को विभिन्न तिथियों पर लगभग 210 मिनट तक नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा।
मार्ग परिवर्तन के तहत कई प्रमुख ट्रेनों को वैकल्पिक रास्तों से चलाया जाएगा। नई दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस, बरौनी-नई दिल्ली, दरभंगा-नई दिल्ली, उदयपुर सिटी-कामाख्या, बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ, सूरत-मुजफ्फरपुर, साबरमती-मुजफ्फरपुर, अहमदाबाद-दरभंगा सहित अनेक ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलेंगी। इसके चलते ये ट्रेनें कई महत्वपूर्ण स्टेशनों जैसे कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, बस्ती आदि पर नहीं रुकेंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
