•दूसरे दिन कलेक्ट्रेट सभागार में दो बैचों को दिया गया प्रशिक्षण।
— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के क्रम में मंगलवार को द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण सत्र कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन फील्ड ट्रेनर्स के दो बैचों को प्रशिक्षित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 मार्च से 18 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण सत्र में जनगणना निदेशालय, उत्तर प्रदेश के संजय कुमार (उप निदेशक एवं मंडल प्रभारी), जिला प्रभारी सुजीत कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी तथा उपायुक्त राज कुमार शर्मा द्वारा मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
HLO ऐप और 34 प्रश्नों की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्हें HLO ऐप के उपयोग सहित प्रथम चरण में पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया
जनगणना का पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) के रूप में 22 मई से 20 जून 2026 तक 30 दिनों की अवधि में पूरा किया जाएगा।
वहीं दूसरा चरण जनसंख्या एवं जाति आधारित गणना का होगा, जो 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में कराई जाएगी, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध होगा। साथ ही दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जाति से संबंधित आंकड़े भी एकत्र किए जाएंगे।
