•अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन व अग्रवाल महिला सभा के संयुक्त तत्वाधान में हुआ आयोजन, वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान।
किरतपुर(बिजनौर)। अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन एवं अग्रवाल महिला सभा के संयुक्त तत्वाधान में हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में भव्य महाउत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता रानी का अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक दरबार सजाया गया, जिसने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता रानी के दरबार में समस्त देवी-देवताओं एवं अग्रसेन महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर मंगल कलश यात्रा निकाली और सभी कलशों को विधिवत माता के दरबार में स्थापित किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण छोटी-छोटी कन्याएं रहीं, जिन्होंने माता रानी का स्वरूप धारण कर सभी को भावविभोर कर दिया। इन देवी स्वरूप कन्याओं का तिलक, पुष्प वर्षा एवं उपहार भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।
इस दौरान महिलाओं ने भक्ति भाव से माता रानी के भजनों का गुणगान किया और भजनों पर झूमकर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में एक सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें अंजलि गोयल, मृदुला गोयल, अंशु गोयल एवं नीरू रस्तोगी को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर “वरिष्ठ महिला नागरिक सम्मान” से सम्मानित किया गया।
महिला जिलाध्यक्ष रितु अग्रवाल ने सभी उपस्थित जनों को हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन आरती के साथ हुआ, जिसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर रेणुका गोयल, बबिता अग्रवाल, मीना अग्रवाल, कृति, मोनिका, सुधावर्त, निधि, अनुगीता, शिल्पी, नैना, प्रियंका, मानसी सहित अनेक महिलाओं का सराहनीय सहयोग रहा।
