•नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने कहा—बेटियों के सम्मान व सशक्तिकरण के लिए समाज को जागरूक होना जरूरी।
बस्ती। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिला अस्पताल परिसर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर पर कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं उनके प्रति समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना रहा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने विधि-विधान से कन्या पूजन कर बालिकाओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें टिफिन, पानी की बोतल, बैग, ज्योमेट्री बॉक्स सहित अन्य उपयोगी उपहार वितरित किए गए।
अपने संबोधन में नेहा वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज से बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह, सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
