— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की निगरानी के लिए उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल (UPISVMP) तैयार किया गया है, जिस पर सभी स्कूलों को ऑनबोर्ड कर उनका निरीक्षण किया जा रहा है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने नगर क्षेत्र के राज ग्लोबल स्कूल एवं ब्लोमिंग बर्ड स्कूल, जयपुरिया स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी वाहनों में अनिवार्य सुरक्षा उपकरण जैसे—सीसीटीवी, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास द्वार, स्कूल का नाम, परिवहन विभाग का हेल्पलाइन नंबर तथा रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप मौजूद हों।
जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उनके सुधार के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया गया। साथ ही वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक ड्राइविंग और बच्चों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने के लिए जागरूक किया गया।
प्रियंवदा सिंह ने सभी स्कूल वाहन संचालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को शीघ्र पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराएं तथा सुरक्षा मानकों को पूर्ण करें, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। निरीक्षण के दौरान कनिष्ठ सहायक हिमांशु मणि त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
