सिद्धार्थनगर। जिले के भनवापुर स्थित बाल विकास परियोजना (सीडीपीओ) कार्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन टीम, बस्ती ने कार्यालय में तैनात बाबू मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दोपहर करीब 2 बजे ब्लॉक मुख्यालय स्थित कार्यालय से की गई।
सूत्रों के मुताबिक मामला आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती में कथित रूप से घूस लेने से जुड़ा बताया जा रहा है। टीम की अचानक कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में हलचल तेज हो गई।
इस संबंध में सीडीपीओ संजय गुप्ता ने बताया कि वह घटना के समय कार्यालय में मौजूद नहीं थे। उन्हें कर्मचारियों से सूचना मिली कि मनीष कुमार को कुछ लोग अपने साथ ले गए हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि आधिकारिक रूप से अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें कौन लेकर गया है।
वहीं, बांसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने बताया कि भनवापुर के बाबू को टीम द्वारा लाया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल मामले में आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है, जबकि एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
