•अनुपस्थित कर्मियों पर गिरी गाज, वेतन/मानदेय रोकने के आदेश।
के. के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 25,746 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो चुकी है, जबकि 48,400 किसानों का पंजीकरण अभी शेष है। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने सबसे खराब प्रदर्शन वाले राजस्व गांवों के लेखपाल, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक एवं कृषि कार्मिकों को तलब किया।
बैठक में पांच पंचायत सहायक और एक रोजगार सेवक अनुपस्थित पाए गए, जिनका मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए। संबंधित राजस्व गांवों के सचिवों का एक दिन का वेतन भी रोकने का आदेश दिया गया। वहीं, कार्य में अत्यधिक पिछड़ने पर दो लेखपालों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और कार्य की निरंतर समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन किसानों के नामों में त्रुटि है, नाम मूल अभिलेख में दर्ज नहीं है या अंश निर्धारण लंबित है, उनका कार्य 2-3 दिनों में पूरा किया जाए। शासन द्वारा 30 अप्रैल 2026 तक सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तय समय के बाद यदि कोई किसान वंचित पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी उप जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
