के. के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिलाधिकारी ने विवादित भूमि और योजनाओं के परिसर तक पहुंच मार्ग की समस्या के समाधान के लिए उप जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन योजनाओं में प्रगति धीमी है, उनमें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और स्थलीय निरीक्षण पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में सभी अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद के प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता महेंद्र राम, सहायक अभियंता जे.एन. यादव एवं अभिषेक पांडेय, समस्त जूनियर इंजीनियर तथा कार्यदायी संस्थाओं मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड, जैक्शन विश्वराज (जेवी) और जयन्ती सुपर कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
