महराजगंज। जनपद महराजगंज में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को पैसा दोगुना-तिगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 5 शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। जबकि इस गिरोह के 4 सदस्य अभी फरार हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना और थाना निचलौल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। यह अभियान “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” के तहत चलाया जा रहा था।
7 लाख की ठगी, टेलीग्राम बना माध्यम पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आगरा निवासी एक युवक को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर कम समय में पैसा दोगुना-तिगुना करने का झांसा दिया और करीब 7 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने विभिन्न खातों में पैसे मंगवाकर ATM व चेक के जरिए रकम निकाल ली।
फर्जी खाते और कमीशन का लालच
गिरोह का मुख्य सरगना रवि प्रताप सिंह बताया गया है, जो स्थानीय लोगों और जनसेवा केंद्र संचालकों को हर लेन-देन पर 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इसके लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अलग-अलग बैंकों में खाते खोले जाते थे।पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले लगभग 8 महीनों से सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
बरामदगी में कई दस्तावेज और वाहन शामिल
पुलिस ने आरोपियों के पास से—07 मोबाइल फोन,07 ATM कार्ड,04 आधार कार्ड (एक फर्जी),02 PAN कार्ड,03 क्रेडिट कार्ड02 पासबुक,01 इंडियन पोस्ट पेमेंट कार्ड,01 नेपाली सीमा कार्ड,01 चार पहिया वाहन, बरामद किया है।
एसपी बोले— अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे गिरोहों को चिन्हित कर लगातार गिरफ्तारी की जाएगी।
जनता से अपील लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें अनजान टेलीग्राम/व्हाट्सएप ग्रुप से दूरी बनाएं OTP, बैंक डिटेल्स और पहचान पत्र साझा न करें ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर थाना में शिकायत करें।
