कुदरहा (बस्ती)। रामजानकी मार्ग पर चकिया गांधी आश्रम के पास बीती रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 61 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना उस समय हुई जब परिवार देवी पाटन धाम से दर्शन कर घर वापस लौट रहा था।
जानकारी के मुताबिक, लालगंज थाना क्षेत्र के डिहुकपूरा गांव की रहने वाली आरती (61) पत्नी बुधिराम, अपनी बहू सुशीला के साथ देवी पाटन धाम दर्शन करने गई थीं। रात करीब 10:30 बजे दोनों बस से कुदरहा बाजार पहुंचीं। वहां से सुशीला के फोन करने पर उसका पति मनोज कुमार मोटरसाइकिल लेकर दोनों को लेने पहुंचा। जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे, तभी चकिया गांधी आश्रम के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आरती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गईं, जबकि मनोज कुमार के पैर में फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान आरती की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। चौकी इंचार्ज कुदरहा उमेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लालगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
