सुल्तानपुर। नवागत जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की हकीकत परखी। उनके अचानक दौरे से नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डीएम ने सीताकुंड और सिविल लाइन वार्ड में पहुंचकर कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज, सफाई इंस्पेक्टर अधूलिका सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि शहर में नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा डीएम ने नगर पालिका कार्यालय का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जिससे अधिकारियों में बेचौनी देखी गई।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। औचक निरीक्षण से यह संकेत मिला है कि प्रशासन अब स्वच्छता को लेकर सख्त रवैया अपनाने के मूड में है।
