•किसानों-युवाओं के मुद्दों को लेकर आंदोलन की घोषणा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं उत्तर प्रदेश पश्चिमी जोन प्रभारी विशाल चौधरी, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिमी जोन के अध्यक्ष पारस शुक्ला तथा अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष (प्रभारी, उ0प्र0 किसान कांग्रेस) अखिलेश शुक्ला ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता को संबोधित किया।
प्रेसवार्ता के दौरान नेताओं ने किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए 1 मई से सहारनपुर से दिल्ली तक ‘किसान नौजवान बचाओ यात्रा’ निकालने की घोषणा की।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि वर्तमान समय में किसान और नौजवान दोनों ही गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर किसान लगातार आर्थिक संकट, बढ़ती खेती लागत और फसलों के उचित मूल्य न मिलने की समस्या से परेशान है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश का युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और युवा देश का भविष्य है, इसलिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी दोनों वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
अजय राय ने बताया कि इसी उद्देश्य से आगामी 1 मई से सहारनपुर से दिल्ली तक ‘किसान नौजवान बचाओ यात्रा’ निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संरक्षण में निकाली जा रही इस यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिम जोन द्वारा किया जाएगा, जबकि उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पश्चिम जोन इसमें सहयोग करेगा।
उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिमी जोन के अध्यक्ष पारस शुक्ला ने यात्रा के प्रस्तावित मार्ग की जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा 1 मई को सहारनपुर से प्रारंभ होकर मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा तथा गौतमबुद्धनगर होते हुए दिल्ली में समाप्त होगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में स्थानीय स्तर पर जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं पश्चिमी जोन प्रभारी विशाल चौधरी ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित करना और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ एक व्यापक जनआंदोलन खड़ा करना है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की रोजगार संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न जनपदों में किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत और मेरठ में गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘गन्ना न्याय पंचायत’ आयोजित की जाएगी तथा स्मार्ट मीटर के विरोध में अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा सहारनपुर, हापुड़ और बुलंदशहर में खाद एवं बीज से संबंधित समस्याओं को लेकर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और मनरेगा के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।उन्होंने आगे बताया कि अलीगढ़ में छात्र आंदोलन और रोजगार संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि मथुरा में दुग्ध किसानों की महापंचायत आयोजित करने की योजना है।
वहीं नोएडा और गाजियाबाद में युवाओं के लिए रोजगार चौपाल आयोजित कर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा और समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से किसानों और युवाओं की आवाज को सशक्त रूप से उठाया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जाएगा।
