•ग्रीष्मकालीन विशेष अभियान के तहत खाद्य व पेय पदार्थों की जांच तेज, कोच अटेंडेंट से अल्कोहल भी बरामद।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार यात्रियों को स्वच्छ खाद्य सामग्री एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रीष्मकाल के दौरान विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान रेलवे के तीनों मंडलों में संचालित हो रहा है।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल के निर्देश पर अनधिकृत वेंडरों और खाद्य-पेय पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पर जांच के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कैटरिंग) प्रशान्त मिश्रा ने गाड़ी संख्या 15023 में लोड 300 अवैध पानी की बोतलों को जब्त कर ट्रेन से उतरवाया।
जांच के दौरान ही कोच अटेंडेंट के पास से एक गत्ते में रखी अल्कोहल भी बरामद की गई। संबंधित अटेंडेंट को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस, बस्ती को सौंप दिया गया।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
