•समयसीमा में योजनाएं पूरी करने के निर्देश, हीटवेव व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर।
बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मंडल स्तर पर विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, फैमिली आईडी, सेतु निगम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, फार्मर रजिस्ट्री, गेहूं व भूसा खरीद, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छता मिशन, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा की गई।मंडलायुक्त ने लंबित एवं धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से मिल सके। हीटवेव से बचाव हेतु सभी चिकित्सालयों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा निजी नर्सिंग होम में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर वार्ता कर गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड की जाए।बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन, संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
