Oplus_131072
•फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं से लाखों की ठगी, रुद्रप्रयाग पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के तीन सदस्यों को न्यायालय ने दोषी ठहराते हुए तीन-तीन वर्ष के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ऊखीमठ द्वारा सुनाया गया।
मामला वर्ष 2019 का है, जब आरोपियों ने नोएडा में कॉल सेंटर संचालित कर ‘एशियन हॉलिडे’ नाम से फर्जी वेबसाइट तैयार की थी। आरोपी खुद को पवन हंस हेलीकॉप्टर्स लिमिटेड का पार्टनर बताकर श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर झांसा देते थे।
जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी सिम कार्ड और अन्य लोगों के बैंक खातों का उपयोग कर यात्रियों से लाखों रुपये की ठगी करता था। मामले का खुलासा होने पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश और नोएडा से गिरफ्तार किया था।
अदालत में सहायक अभियोजन अधिकारी विनीत उपाध्याय की प्रभावी पैरवी के चलते अभियुक्तों को सजा दिलाई जा सकी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही बुक करें और किसी भी अनजान व्यक्ति या फर्जी वेबसाइट के झांसे में न आएं।
