लखनऊ। पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत बस्ती जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए 901 लाख रुपये की 11 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके। इन परियोजनाओं में अधिकांश धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने तथा सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि हरैया विधानसभा क्षेत्र में स्थित चतुर्भुजी मंदिर लोनिया के पर्यटन विकास के लिए 75 लाख रुपये, महादेवा स्थित प्राचीन स्वयंभू शिव मंदिर के विकास के लिए 65 लाख रुपये, रूधौली क्षेत्र के विकास खंड भानपुर में बैडवा समय माता मंदिर के विकास के लिए 78 लाख रुपये तथा महादेवा स्थित रामजानकी मंदिर के विकास के लिए 72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में स्थित बाबा भारीनाथ शिव स्थल के पर्यटन विकास के लिए 106 लाख रुपये तथा बस्ती सदर क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग बस्ती कैम्पियरगंज स्थित कोडरा चौराहे पर शिव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 107 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन मंत्री ने आगे बताया कि बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के भदेश्वरनाथ गांव में स्थित शिवधाम बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 200 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त रूधौली विधानसभा क्षेत्र में बहुउद्देशीय सुविधाओं के लिए 44 लाख रुपये, महादेवा के ग्राम चंगेरवा गगिया कोहल स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बहुउद्देशीय अवस्थापना सुविधाओं के लिए 65 लाख रुपये तथा बस्ती सदर मुख्यालय स्थित कबीर आश्रम मूडघाट में बहुउद्देशीय अवस्थापना सुविधाओं के लिए 45 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि हरैया विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थल तपसीयंधाम आश्रम में बहुउद्देशीय अवस्थापना सुविधाओं के लिए 44 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
