•स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मान, गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प।
बस्ती (कुदरहा)। विकास खंड कुदरहा में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा उनका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कर्मचारियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिले।
महिला सशक्तिकरण से ही देश का विकास: ब्लॉक प्रमुख
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, खेल और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं।उन्होंने कहा, “जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और देश सशक्त होगा।”
‘करोड़पति दीदी’ बन रही हैं समूह की महिलाएं
खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर आगे बढ़ रही हैं और कई महिलाएं ‘करोड़पति दीदी’ बनकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
बैठक में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), एमओआईसी, पशु चिकित्साधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, सेंट्रल बैंक शाखा प्रबंधक एवं सीडीपीओ ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी: कार्यक्रम का संचालन सीएम फेलो आनंद सोनी ने किया। इस अवसर पर अजय पाल, अजय श्रीवास्तव, राहुल कुमार, इंद्र कुमार चौधरी, पंकज पांडेय, राजेश यादव, राम प्रकाश यादव, रमेश चौधरी, गोरखनाथ यादव, घनश्याम यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
