— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई 2026) के सफल आयोजन को लेकर न्यायिक प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में एडीआर भवन में नोडल अधिकारी/विशेष न्यायाधीश पॉस्को कृष्ण कुमार-पंचम की अध्यक्षता में सभी बैंक प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
ऋण वसूली मामलों के निस्तारण पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार-पंचम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी बैंक अभी से सक्रिय हो जाएं और ऋण वसूली से संबंधित अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का प्रयास करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि बकायेदारों से संबंधित सभी मामलों के सम्मन समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें थानों के माध्यम से समय पर तामील कराया जा सके।
बैंकों ने शुरू की तैयारी
बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक पवन कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि सभी बैंक सम्मन तैयार कर रहे हैं और पक्षकारों को भेजे जा रहे हैं, जिससे लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।
सभी बैंक प्रमुख रहे मौजूद
नोडल अधिकारी ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे लोक अदालत में अधिकतम मामलों के समाधान के लिए समन्वय बनाकर कार्य करें। बैठक में जनपद के सभी बैंक प्रमुख उपस्थित रहे।
