रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। विकासखंड गोंदलामऊ के संदना कस्बे से छोटी कुसौली, लोधखेरवा और निमतापुर सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां आवागमन को मुश्किल बना रही हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे हालात और भी बदतर हो जाते हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा बना हुआ है, जहां आए दिन गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। वहीं एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी इस रास्ते से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या पक्कीकरण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। चुनमुन, अपूर्व, विपिन, लालता, प्रवीण दीक्षित, संदीप सिंह, उमेश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मिश्रित क्षेत्र की सड़कों की स्थिति भी इसी तरह दयनीय है। नहर चौराहा मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। आरोप है कि इस मार्ग से जिले के अधिकारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, बावजूद इसके समस्या की अनदेखी की जा रही है। अब क्षेत्रवासियों की नजर जिलाधिकारी की कार्रवाई पर टिकी है कि लोक निर्माण विभाग के खिलाफ क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
