रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। हल्की बारिश के बाद मिश्रिख नगर में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के सख्त निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन निर्देशों का पालन धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
नगरवासियों ने बताया कि उपजिलाधिकारी अनुभव यादव, एसडीओ अंकुर वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं पावर हाउस का नंबर भी बंद बताया जा रहा है।
एक ओर प्रदेश सरकार द्वारा अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और फोन कॉल का जवाब देने के निर्देश दिए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर इन निर्देशों की अनदेखी की जा रही है।
मीडिया टीम के मौके पर पहुंचने पर नगर के संतोष यादव, रमेश यादव, शांति स्वरूप यादव, पुनीत त्रिपाठी, पीयूष बिहारी मिश्रा, अजय शुक्ला और विजय शुक्ला सहित कई लोगों ने बताया कि बिजली न होने से पानी की समस्या और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
नगरवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न न हो।
