रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
लहरपुर, सीतापुर। क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम के चलते तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। इसी दौरान विकासखंड क्षेत्र के ग्राम मोहद्दीनपुर में एक दीवार गिरने से किसान और एक गाय घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश (52 वर्ष) पुत्र विशंभर दयाल पशुओं को चारा दे रहे थे, तभी करीब 18 फुट लंबी और 10 फुट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
तेज हवाओं और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में दृश्यता भी कम हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन को अवगत कराया। मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल हिमायतुल्ला और राहुल कुमार ने पहुंचकर निरीक्षण किया।
इस संबंध में नायब तहसीलदार अशोक कुमार यादव ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना प्राप्त हुई है और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित लेखपाल को मौके पर भेजा गया है।
