•विरोध में धरने पर बैठे चकबंदीकर्ता व राजस्व कर्मी।
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम राजपुर में शनिवार को सीमांकन व चकबंदी कब्जा परिवर्तन की प्रक्रिया के दौरान अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि कार्यवाही के दौरान कुछ ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद कानूनगो व राजस्व चकबंदी कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए हमला कर दिया।
इस घटना में राजस्व कर्मी नंदकिशोर साहनी के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।घटना के बाद चकबंदीकर्ता व राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया।
नाराज कर्मचारियों ने गांव में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालना और कर्मचारियों पर हमला गंभीर अपराध है, और जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, उनका विरोध जारी रहेगा।
धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। उपजिलाधिकारी डुमरियागंज राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी डुमरियागंज राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है और चकबंदी कार्य बाधित नहीं होगा।
