महराजगंज। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने शनिवार को नौतनवा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सेखुआनी स्थित सुभाषचन्द्र बोस आवासीय विद्यालय, सोनौली (नौतनवा) में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था यू.पी. स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर प्रयुक्त सरिया में जंग लगे होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरिया का उपयोग केवल समुचित रासायनिक उपचार के बाद ही किया जाए, अन्यथा नई सरिया लगाकर ही निर्माण कार्य कराया जाए।
इसके अलावा निर्माण स्थल पर जगह-जगह बने गड्ढों को देखकर उन्होंने उन्हें तत्काल मिट्टी से भरकर समतल कराने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।विद्यालय परिसर में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग दो आवासीय भवनों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें कुल 21 कमरे बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी जांच में कमी पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 1030 लाख रुपये है, जिसमें से अब तक 515 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। निर्माण कार्य वर्ष 2024 में प्रारम्भ हुआ था और इसे अगस्त 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।
