कुदरहा/बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर इस्माइलपुर चौराहे से लगभग 200 मीटर पूर्व सड़क किनारे गिरा एक बड़ा बोर्ड लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार 29 अप्रैल को आई तेज आंधी में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का लगा बोर्ड गिर गया था, लेकिन कई दिनों तक उसे नहीं हटाया गया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे तक भी बोर्ड सड़क किनारे पड़ा रहा, जिससे कई राहगीर हादसे का शिकार हो गए।
ताजा घटना में धनघटा थाना क्षेत्र के रोसया बाजार निवासी जितेंद्र (पुत्र दीनानाथ) बाइक से बारात में जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक गिरे हुए बोर्ड से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार दिन में ही इसी स्थान पर करीब चार सड़क हादसे हो चुके थे, जिनमें अधिकांश बाइक सवार घायल हुए।
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में ग्राम प्रधान पिपरपाती मुस्तहकम ज्ञानेश्वर यादव ने पहल करते हुए गिरे हुए बोर्ड को हटवाया।लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बोर्ड हटा दिया गया होता, तो कई हादसों को रोका जा सकता था। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरतने की अपील की है।
