मथुरा। भारत विकास परिषद द्वारा मथुरा आगमन पर देश के प्रख्यात कवि दिनेश रघुवंशी एवं हास्य कवि अनिल अग्रवाल का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ओज के कवि दिनेश रघुवंशी ने कहा कि आधुनिक दौर में नई पीढ़ी करियर के नाम पर विदेशों की ओर आकर्षित हो रही है, जिससे वे अपने परिवार, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को संस्कारयुक्त जीवन दें और भारतीय परंपराओं से जोड़कर रखें।
वहीं हास्य कवि अनिल अग्रवाल ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में हास्य का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि कवि सम्मेलन भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के संस्थापक सचिन अग्रवाल एवं यशवीर शर्मा ने डॉ. दिनेश रघुवंशी को पटुका व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं राजेश अग्रवाल और मनोज अग्रवाल ने अनिल अग्रवाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर हास्य कवि विनोद पाल एवं खुशबू शर्मा भी उपस्थित रहीं, जिनका स्वागत मृदुल कृष्ण अग्रवाल और यश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में मृदुल कृष्ण अग्रवाल, आलोक जैन, यश अग्रवाल, जीतू गर्ग एवं सीए अभिषेक अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
