मथुरा। रविवार को जनपद प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं और नाविकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वृंदावन स्थित केशी घाट पर नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा नाविक रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने नाविकों को लाइसेंस प्रमाण पत्र वितरित किए।

जिलाधिकारी ने बताया कि नाविकों की समस्याओं के समाधान के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क में संशोधन किया गया है। सामान्य नाव के लिए ₹500 तथा मोटर बोट के लिए ₹1500 शुल्क निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 400 लोगों ने पंजीकरण फॉर्म खरीदे हैं, जबकि 135 नाविकों का पंजीकरण कर उन्हें लाइसेंस प्रमाण पत्र प्रदान किया जा चुका है।
प्रशासन ने सभी नाव संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी नावों में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही लाइफ सेविंग जैकेट पहनना नाविकों और श्रद्धालुओं दोनों के लिए अनिवार्य किया गया है। नाव में बैठने वाले यात्रियों की संख्या भी निर्धारित की गई है, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नावों की मजबूती और फिटनेस की समय-समय पर जांच की जाएगी और प्रशिक्षित नाविकों को ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मथुरा और वृंदावन में नाव संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन केवल उन्हीं नावों को चलने की अनुमति होगी, जिनका पंजीकरण हो चुका है और चालकों के पास वैध लाइसेंस है।
कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह एवं अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने केशी घाट से चीर घाट तक नौका विहार कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
