मथुरा। नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प के साथ आज केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने रविवार को के.एम. विश्वविद्यालय स्थित गौशाला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में समय व्यतीत कर श्रद्धापूर्वक गौ-सेवा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गौ-सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने और परंपराओं के निर्वहन पर जोर दिया।

गौशाला पहुंचने के बाद विवि के कुलाधिपति किशन चौधरी ने भक्ति भाव के साथ गायों की सेवा की। उन्होंने न केवल अपने हाथों से गायों को नहलाया, बल्कि उन्हें हरा चारा और गुड़ भी खिलाया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गायों के रख-रखाव को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों व मेडीकल छात्र-छात्राओं से कहा हमारी सनातन संस्कृति में गौ-माता को पूजनीय माना गया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा ‘गौ-सेवा हमारी प्राचीन संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह मात्र एक कार्य नहीं, बल्कि आध्यात्मिक शांति और पुण्य प्राप्ति का मार्ग है। हम सभी को अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर गौ-सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने युवा छात्र-छात्राओं से भी अपील की कि वे अपनी जड़ों से जुड़ें और बेसहारा गौ-वंश की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आएं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. पूरन सिंह, वेटरिनरी कालेज के डीन डा. अजय प्रकाश, सहायक डीन डा. पीताम्बर अन्य लोग उपस्थित रहे।
