
बस्ती। बर्फ से ढकी पहाड़ियों को छूकर आ रही पश्चिमी हवाओं से मैदानी इलाकों में तापमान गोते लगाने लगा है। धुंध की वजह से धूप मामूली निकली। पूरे दिन ठंडी हवाओं के चलते तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सबसे खास बात यह कि 24 घंटे में 18 घंटे तक तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के कम रहा। जिससे दिन में भी ठंड महसूस की गई। सड़क पर विजिबिलिटी काफी कम रही। इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई। रोजमर्रा के घरेलू का कामकाज भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने रविवार-सोमवार तक पूर्वांचल का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की अनुमान लगाया है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को बादल छाए रहने का अनुमान है।
उधर, फिजिशियन डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि इन दिनों तापमान में कमी के चलते निमोनिया, कोल्ड डायरिया, सीने में दर्द, रक्तचाप में अनियमितता के कारण सांस फूलने, जकड़न आदि रोगों से लोग पीड़ित हो रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए हमेशा मोटे और गर्म कपड़ों में रहना होगा। पानी हमेशा उबाल कर पीएं। धुएं और कोहरे से बचकर रहें। देर शाम या रात में बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। कमरे का तापमान बढ़ाने का उपाय करना बेहतर होगा।