
•जांची गई बंदियों को जेल में मिलने वाली सुविधाएं।
बस्ती। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनय कुमार द्विवेदी के साथ जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक गोपालकृष्ण चौधरी ने गुरुवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। बंदियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों को जेल में मिलने वाली हर सुविधा मुहैया कराई जाए। हालांकि किसी तरह की आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जेल में हड़कंप मचा रहा।
तीसरे पहर पहुंचे अधिकारियों ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक अंदर रहकर जेल में बंदियों से मिलकर भोजन व्यवस्था से लेकर अन्य सारी जानकारी हासिल की। रसोई घर, खाद्यान्न स्टोर, महिला- पुरुष बैरक, किशोर बैरक का गहनता के साथ निरीक्षण किया। जेल परिसर में संचालित डिस्पेंसरी व अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उपलब्ध दवाओं के बारे में जानकारी ली। कहा कि बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कटौती न की जाए। ऐसी शिकायत मिलने पर कार्रवाई तय की जाएगी।
जिला जज ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि साफ-सफाई को बेहतर रखें, ठंड से बंदियों का बचाव हो इस मौके पर जेल अधीक्षक अंकेक्षिता श्रीवास्तव ने बताया कि यह त्रय मासिक निरीक्षण था। जिलाजज की अध्यक्षता में हर तीसरे महीने निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान पीआरओ जितेन्द्र सिंह व बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।