हरिद्वार से गंगेश कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र स्थित राजाजी टाइगर रिजर्व में सुरेश्वरी देवी मंदिर में मंत्री के बेटे की शादी की तैयारियों को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने लापरवाही बरतने के आरोप में दो फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया है, जबकि प्रभारी रेंजर और वन दरोगा को उनके पद से हटा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, काबीना मंत्री खजान दास के बेटे की शादी से पहले आरक्षित वन क्षेत्र में बिना अनुमति भारी वाहनों की आवाजाही हुई थी। रानीपुर गेट से मंदिर तक शादी का सामान पहुंचाया गया, जबकि ऐसे कार्यों के लिए स्पष्ट रूप से अनुमति आवश्यक होती है।
मामला सामने आने के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की लापरवाही उजागर हुई। इसके आधार पर रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कैंथोला को निलंबित कर दिया गया। वहीं प्रभारी रेंजर महेश सेमवाल और वन दरोगा अमृता को पद से हटा दिया गया है। सेमवाल की जगह महिला रेंजर आभा ने कार्यभार संभाल लिया है।
इस प्रकरण ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर आरक्षित वन क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की अनुमति कैसे दी गई। वन्यजीव संरक्षण नियमों के उल्लंघन को लेकर भी गंभीर चिंताएं जताई गई हैं।
राजाजी पार्क के निदेशक कोको रोशे ने गुरुवार को कहा कि आरक्षित क्षेत्र में नियमों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच में चार कर्मियों की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
